अधूरे नाले में बरसात के कारण शुरू हुआ ओवरफ्लो
घरों से केवल दस फीट की दूरी पर जीएमडीए ने खोद दिया गंदा नाला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार सोसाइटी में लोगों के घर से दस फीट की दूरी पर गंदे नाले का पानी बह रहा है। आधे अधूरे बने नाले में बरसात के कारण पानी ओवरफ्लो होकर घरों के बाहर बह रहा है। मानसून की दस्तक के बाद लोग चिंता में हैं। सोसाइटी वासियों ने मामले की शिकायत ट्वीटर से सीएम व जीएमडीए के अधिकारियों से की है।
स्ट्रॉम वाटर ड्रेन पालम विहार के केंद्र से निकलता है। यहां करीब एक किलोमीटर तक ड्रेन को पक्का करने और कवर करने का काम बीते छह महीने से अधूरा पड़ा है। सोसाइटी के लोगों के मुताबिक एक किलोमीटर ड्रेन का काम छह माह में पूरा होना चाहिए। सोसाइटी निवासी जनरल पांडेय ने बताया कि जीएमडीए ने बरसात से पहले काम पूरा करने का वायदा किया। अब मानसून आ गया। लगातार बरसात में घरों के बाहर गंदा पानी बहने लगा है। बावजूद इसके मात्र दो सौ मीटर ही ड्रेन पक्की हुई है। पालम विहार एफ,डी और ई ब्लॉक के घर इस कारण प्रभावित हो रहे हैं।