एसीपी यातायात ने सिगनेचर टावर, लेजर वैली कट और राजीव चौक पर किया निरीक्षण
अमर उजाजा ब्यूरो
गुरुग्राम। आगामी मानसून की तैयारियों के संबंध में शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात मुख्यालय/हाईवे) सत्यपाल यादव ने सिग्नेचर टावर, लेजर वैली कट और राजीव चौक पर निरीक्षण किया। उनके साथ गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसीपी सत्यपाल यादव ने जीएमडीए से चीफ इंजीनियर एसई देसवाल, एक्सईएन विक्रम गोदारा और गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार के साथ तीनों स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन स्थानों पर पानी जमा होने का कारण सरफेस ड्रेन (सतह की नाली) का मास्टर ड्रेन से न जुड़ा होना है। जीएमडीए के अधिकारियों ने इन स्थानों पर 15 दिन में काम पूरा करने की बात कही है। ताकि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इन स्थानों पर जलभराव होने के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अन्य मुख्य सड़कों पर भी जल्द ही निरीक्षण कर समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ तालमेल करके निवारण किया जाएगा। इससे बारिश के मौसम में शहर में जलभराव की समस्या न हो।
-सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम