-सफाई से पहले और बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें लेकर व्हाट्सएप ग्रुप में करनी होगी अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), वार्ड, शौचालय और पानी की टंकियों की सफाई को जियो-टैगिंग के जरिए मॉनिटर करने की व्यवस्था शुरू की है, जिससे लापरवाही पर अंकुश लगेगा।
अस्पताल परिसर में 1000 लीटर क्षमता की 34 और 2000 लीटर क्षमता की 14 पानी की टंकियां मौजूद हैं। इसके अलावा 18 आरओ यूनिट्स को भी विशेष सफाई अभियान में शामिल किया गया है। हाल ही में निरीक्षण के दौरान कई टंकियों के ढक्कन खुले मिले थे, जिससे पानी दूषित होने का खतरा बना हुआ था। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी टंकियों की सफाई कर उनके ढक्कन बंद करवाए गए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब कर्मचारी सफाई से पहले और बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें लेकर व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करेंगे, जिन्हें अधिकारी रियल टाइम में देख सकेंगे। पीएमओ डाॅ. नीना ने बताया कि नई व्यवस्था से सफाई व निरीक्षण की निगरानी बेहतर होगी और कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो सकेगी।