संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली के कई प्रमुख बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड या तो खराब पड़े हैं या फिर कई स्थानों पर हैं ही नहीं। इसके चलते बसों के आगमन, प्रस्थान और रूट संबंधी जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिससे रोजाना यात्रियों को परेशानी हो रही है।
जमीनी पड़ताल के दौरान जनकपुरी, डाबरी मोड़, तिलक नगर, गुरुद्वारा बंगला साहिब, पंडित पंत मार्ग और केंद्रीय टर्मिनल समेत कई बस स्टैंड पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड बंद मिले। कुछ जगहों पर अलग से लगी डिजिटल घड़ियां तो सही समय दिखा रहीं थीं, लेकिन बसों की जानकारी देने वाले डिस्प्ले पूरी तरह निष्क्रिय थे। वहीं कई बस स्टॉप ऐसे भी मिले जहां यह सुविधा है ही नहीं।
यात्रियों का कहना है कि डिस्प्ले बोर्ड बंद होने के कारण उन्हें यह पता नहीं चल पाता कि कौन-सी बस कब और किस रूट पर जाएगी। ऐसे में उन्हें लंबे समय तक बस स्टैंड पर इंतजार करना पड़ता है या फिर अन्य यात्रियों और चालकों से जानकारी लेनी पड़ती है। कई लोग बसों में चढ़ जाते हैं और बाद में गलत बस में चढ़ने का अहसास होने के बाद अगले स्टॉप पर उतरना पड़ता है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार सफर करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
कोट्स
डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड बंद होने से यह पता ही नहीं चलता कि बस कब आएगी। कई बार एक-एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।
-चैतन्य राकेश, दैनिक यात्री
कॉलेज के लिए रोजाना बस लेनी पड़ती है। डिस्प्ले बोर्ड काम नहीं करता। इस कारण सही बस की जानकारी नहीं मिलती।
-सुप्रिया सिंह, छात्रा
पहली बार बस यात्रा करने वालों के लिए यह बड़ी समस्या है। अगर डिस्प्ले बोर्ड काम करें तो यात्रियों को इधर-उधर पूछने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
-आरिफ खान, दैनिक यात्री
यह डिस्प्ले बोर्ड केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए। यह नियमित रूप से काम करें, तभी यात्रियों को वास्तविक लाभ मिलेगा।
-मोहित , स्थानीय निवासी