गुरुग्राम। एंबियंस मॉल में एक शोरूम में कपड़े बदलने के दौरान ट्रायल रूप में रखी हीरे की अंगूठी चोरी हो गई। महिला कपड़े बदलने के बाद अपनी अंगूठी वहां से उठाना भूल गई थी। पीड़िता की शिकायत पर डीएलएफ फेज-तीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नई दिल्ली की हौज खास निवासी भाविका विज ने शिकायत में बताया कि वह बीते रविवार को एंबियंस मॉल गई थी। वहां पर एचएम कंपनी के आउटलेट में कपड़े देखने लगी। वह कपड़े बदलने के लिए ट्रायल रूम में गई थी। इसी दौरान उन्होंने वहां पर अपनी हीरे की अंगूठी को टेबल पर रख दिया था। इसके बाद वह बिल कराने के लिए बिल काउंटर पर चली गई। जब वह आउटलेट से बाहर आने लगी तो याद आया कि उसके पास अंगूठी नहीं है। वह वापस ट्रायल रूम में गई तो वहां पर अंगूठी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। संवाद