पुन्हाना। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहर के हैप्पी मॉडर्न हाई स्कूल में शुक्रवार को उपमंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एजाज खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी विरेन्द्र गुप्ता सहित स्कूल प्रबंधक, अध्यापकगण और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एजाज खान द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान मंच पर ‘वंदे मातरम’ की स्वर लहरियां गूंज उठीं और पूरा विद्यालय देशभक्ति के रंग में रंग गया। बच्चों ने समूह गायन, देशभक्ति गीतों पर नृत्य और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्र प्रेम का अद्भुत संदेश दिया। खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर खंड स्तरीय यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। स्कूली बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए विशेष रूप से मनाया गया।