फिरोजपुर झिरका। शहर के गढ़ अंदर स्थित श्री गुरुनानक देव जी का 556 वां जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के नूंह, तावडू, नगीना और पुन्हाना सहित फिरोजपुर झिरका में प्रकाश उत्सव के मौके पर प्रभात फेरी के साथ गुरुद्वारों में हजारों लोगों ने माथा टेक गुुरु घर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान गुरु घरों में विशाल लंगरों का आयोजन भी किया गया। जिसमें हजारों की संगत ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया। इस मौके पर फिरोजपुर झिरका स्थित गुरुद्वारा समिति के ज्ञानी जी हरविंद्र सिंह ने बताया कि गुरुनानक जी ने कई मुख्य उपदेश दिए हैं। उन्होंने कहा ईश्वर एक है व सर्वत्र विद्यमान है। आज की इस भाग दौड़ की जिंदगी में तनाममुक्त रहकर अपने कर्म को निरंतर करते रहना चाहिए। इस मौके पर प्रमुख समाजसेवी रमेश कामरा, पार्षद संजय बत्रा, शशीभूषण गांधी, अंकुर अरोडा , निक्कू खुराना, गुलशन गुलाटी, नितिन चावला, प्रदीप खुराना, नीरज मेहता, सहित काफी लोग मौजूद रहे।