-ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान बिछोर गांव के शिव मंदिर में कर रहे थे विश्राम
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बृज चौरासी कोस परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। बिछोर गांव स्थित शिव मंदिर में रात के समय विश्राम कर रहे एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन चोरी हो गया। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
परिक्रमा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिछोर गांव के शिव मंदिर और अन्य विश्राम स्थलों पर रात्रि विश्राम कर रहे हैं। इसी दौरान एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिलने से श्रद्धालु परेशान हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से नशा करने वाले और नशे का कारोबार करने वाले कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, जो चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले एक महीने में मंदिर के आसपास स्थित घरों से 10 से 15 मोबाइल फोन चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि परिक्रमा मार्ग पर रोजाना हजारों श्रद्धालु गुजर रहे हैं और कई श्रद्धालु रात में मंदिरों व विश्राम स्थलों पर ठहरते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए तथा नशा बेचने और सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।