नूंह। नूंह जिले के गांव घासेड़ा में जनगणना कार्यों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अखिल पिलानी को गांव की बदहाल स्थिति देखकर कड़ा रुख अपनाना पड़ा। गांव में प्रवेश करते ही ऊबड़-खाबड़ सड़क और चारों ओर फैली गंदगी ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी। हालात इतने खराब थे कि डीसी की गाड़ी भी मुश्किल से रास्ते से गुजर पाई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे बना नाला कचरे से पूरी तरह भरा हुआ है, जिससे पानी सड़क पर फैल रहा है और रास्ता जर्जर हो चुका है। इस पर डीसी ने ग्रामीणों को नालियों में कचरा न डालने की सख्त हिदायत दी। साथ ही उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि इतनी गंभीर समस्या होने के बावजूद किसी ने प्रशासन को शिकायत नहीं दी।मौके पर पहुंचे सरपंच इमरान से जवाब तलब किया गया, जिन्होंने बताया कि करीब 90 लाख रुपये का टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। ग्रामीणों ने कीचड़ भरे रास्ते और पेयजल संकट की समस्या भी उठाई। संवाद