गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सतनारायण यादव, जिला प्रधान मनोज, वरिष्ठ उप प्रधान अनीता यादव, मुकेश कुमारी ने संयुक्त बयान में माध्यमिक शिक्षा विभाग के एक आदेश की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके तहत शिक्षा विभाग के स्कूलों में कार्यरत शैक्षिक/गैर शैक्षिक महिला कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय कार्यालयों में काम करने वाली महिला कर्मियों को चाईल्ड केयर लीव (सीसीएल) लेना ओर भी कठिन कर दिया गया है। महिला कर्मियों को सीसीएल के लिए स्कूल, बीईओ, डीईईओ, डीईओ, डायरेक्टर दफ्तर के चक्कर काटने पड़ते थे। अब डीसी दफ्तर में भी जाकर गुहार लगानी पड़ेगी। आदेश के अनुसार विभाग में कार्यरत महिला कर्मियों का सीसीएल मामला सम्बंधित डीसी से अनुमोदन उपरांत ही डीईईओ, डीईओ की मार्फत निदेशालय में भेजा जाएगा। इससे स्पष्ट है कि अब महिला कर्मियों को डीसी दफ्तर के चक्कर भी काटने पड़ेंगे। संवाद