एबीवीपी के सदस्यों का आरोप, वाटर कूलर में मिली थी मरी छिपकली
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-9 स्थित राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि महाविद्यालय में वाटर कूलर में मरी हुई छिपकली थी। इस संदर्भ में उन्होंने वरिष्ठ प्राध्यापक राजेश कुंडू को शिकायत दी।
उधर प्राध्यापक कुंडू ने सदस्यों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वाटर कूलर में कोई छिपकली नहीं मिली थी। एबीवीपी के सदस्य अर्पित ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कॉलेज में पीने का पानी साफ नहीं है और वाटर कूलर में मरी हुई छिपकली मिली है। इस पर सभी सदस्य एकत्रित हुए और कॉलेज में जांच की। उनका कहना है कि वाटर कूलर में मरी हुई छिपकली मौजूद थी। इससे नाराज सदस्यों ने कॉलेज में प्रदर्शन किया।
अर्पित ने बताया कि इस संदर्भ में जब शिकायत की गई तो उन्हें यह जवाब मिला कि वे खुद ही व्यवस्था ठीक कर लें। इसलिए वह नाराज होकर पानी के मटके लेकर कॉलेज पहुंच गए और मटकों के साथ प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के सदस्यों ने कॉलेज में विभिन्न जगह ठंडे पानी के मटके रखवाए और एक मटका वरिष्ठ प्राध्यापक राजेश कुंडू को भी दिया। प्राध्यापक ने कहा कि वाटर कूलर में कोई छिपकली नहीं थी। एबीवीपी के सदस्यों से आग्रह किया गया था कि यदि उन्हें कोई शिकायत है तो वे लिखित में दें। दूसरा, कॉलेज में मटका रखने के लिए भी उन्हें नहीं रोका गया। उनके अनुसार स्वच्छ पेयजल के प्रति कॉलेज प्रशासन पूरी तरह सजग है। 31 मार्च को कॉलेज के प्राचार्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अन्य कॉलेज प्राचार्य के पास अतिरिक्त कार्यभार है। फिर भी कॉलेज में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की समस्या न रहे। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।