गुरुग्राम। सेक्टर-85 स्थित पिरामिड हाइट्स सोसाइटी के निवासियों ने सोमवार को सोसाइटी परिसर में शिवलिंग तोड़े जाने के आरोप को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सोसाइटी के बाउंसरों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मंदिर परिसर में उन्होंने मंदिर बनाकर शिवलिंग स्थापित की थी, जिसमें लोग पूजा कर रहे थे। सोमवार की सुबह जब लोग पूजा कर रहे थे तभी बिल्डर प्रबंधन के बाउंसरों ने उन्हें भगा दिया। बिल्डर प्रबंधन ने अपनी जमीन बताते हुए प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल से हटाने की कोशिश की। इस मामले को नियंत्रण करने के लिए पुलिस बुलाई गई। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप यादव ने बताया कि सोसाइटी में मंदिर के लिए जगह नहीं है। इसको लेकर लोगों को पहले ही बताया जा चुका है। सोसाइटी की जमीन पर मंदिर के बहाने अनधिकृत कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। निवासियों और सोसाइटी के बाउंसरों के बीच झड़प की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही थी। संवाद