अमर उजाला ब्यूरोगुरुग्राम। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को साउथ सिटी-2 के क्यू-1 ब्लॉक में कार्रवाई की गई।
इस दौरान ईडब्ल्यूएस क्यू-1 ब्लॉक की 10 व 9 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़कों के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए करीब 120 अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाने वाली टीम के साथ पुलिसबल भी मौजूद रहा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सड़क के अधिकार क्षेत्र में आने वाली रेहड़ियों, सीढ़ियों, शेड और अवैध प्रोजेक्शन को ध्वस्त किया गया। इन अतिक्रमणों के कारण सड़क के निर्धारित क्षेत्र का उपयोग प्रभावित हो रहा था। इसके अलावा, लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी वाटिका इंडिया नेक्स्ट में नियमों के विपरीत निर्मित एस प्लस 4 भवन को भी सील कर दिया गया। प्रशासन की ओर से कॉलोनियों में सड़क के अधिकार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने और भवन निर्माण नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई।
रिहायशी मकानों में चल रहे पीजी, गेस्ट हाउस व कार्यालयों पर कार्रवाई जारी रहेगी। सड़कों पर किए जा रहे अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। - अमित मधोलिया, जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन, गुरुग्राम