कॉलोनी बनाने वालों को चेतावनी दी कि अवैध रूप से काम किया तो दर्ज होगा मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन विभाग की ओर से भोंडसी में 2.5 एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में हो रहे निर्माण को बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी गई है कि वह अवैध रूप से कोई काम न करें नहीं तो मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
डीटीपी प्रवर्तन को सूचना मिल रही थी कि भोंडसी में कुछ लोग अवैध रूप से कॉलोनी विकसित कर रहे हैं। जांच में शिकायत सही पाई गई। विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया लेकिन इसका कोई भी संतोष जनक जवाब विभाग को नहीं मिला। इसके बाद विभाग की टीम बृहस्पतिवार को स्थानीय पुलिस और जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंच गई। अभियान के दौरान टीम ने 16 डीपीसी स्तर तक के निर्माण, तीन निर्माणाधीन भवन, तीन बाउंड्री और सड़कों को तोड़ दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अभियंता जयवीर धांगी मौजूद थे। डीटीपी प्रवर्तन मनीष यादव ने बताया कि अवैध कॉलोनी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
-
एचएसवीपी ने सेक्टर-57 में मुक्त कराई दो एकड़ जमीन
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-57 में अभियान चला कर अपनी 2 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस जमीन पर कुछ लोगों ने टिन शेड और लेबर रूम बना रखे थे। एसडीओ सर्वे ज्ञानचंद्र ने बताया कि कब्जा करने वालों को नोटिस दिए गए थे इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया था। इसके बाद प्रशासक के निर्देश पर बृहस्पतिवार को टीम ने मौके पर पहुंच कर 45 टिन शेड और करीब 6 लेबर रूम ध्वस्त कर दिए। इस मौके पर जेई योगेश आदि स्टाफ मौजूद था।