अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह से लौटकर बोले मेधावी
छात्रा खुशी और कशिश ने कहा, कि सम्मान से माता-पिता भी खुश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अमर उजाला द्वारा पंचकूला में आयोजित हुए मेधावी छात्र सम्मान समारोह से लौट कर आई गुरुग्राम की टॉपर छात्राओं के चेहरों पर बहुत खुशी और संतोष था। इसके साथ ही उन्हें गर्व का अहसास भी हुआ। वे बहुत खुश थी कि मेहनत के बाद टॉप किया और अमर उजाला ने उस मेहनत और प्रतिभा के लिए उन्हें सम्मान समारोह आयोजित करके सम्मानित किया। वह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिल सकीं। इससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है।
भिवानी बोर्ड से दसवीं कक्षा में गुरुग्राम जिले की सेंकेंड टॉपर खुशी पांडेय पंचकूला में सम्मान समारोह में गई थीं। वजीराबाद गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की छात्रा खुशी अपने पिता विष्णु कुमार पांडेय के साथ इस समारोह में गई। खुशी ने कहा कि मुझे सबसे ज्यादा इस बात की खुशी है कि मेरे पिता गौरवान्वित हो रहे हैं कि मेरी पुत्री को मुख्यमंत्री सम्मानित कर रहे हैं। मेरे लिए यह सबसे भावुक क्षण थे कि मेरे पिता को इस समारोह में आकर मेरे लिए गर्व हो रहा है। वे एक निजी कंपनी में काम करते हैं। हमलोग मूलत: उत्तर प्रदेश में अयोध्या के रहने वाले हैं। खुशी ने कहा कि अमर उजाला का शुक्रिया जिन्होंने मुझे ये बेशकीमती पल दिए। इस छोटी उम्र में इस सफलता ने मेरी जिम्मेदारियां बढ़ा दी हैं। मैं अब और ज्यादा मेहनत करूंगी। खुशी पीसीएम विषयों के साथ आगे की पढ़ाई कर रही हैं।
किसान पिता पूरनमल की पुत्री कशिश दसवीं बोर्ड में जिले की थर्ड टॉपर थी। कशिश आगे एनडीए की परीक्षा पास कर देश की सेना में भर्ती होना चाहती हैं। कशिश ने बताया कि हालांकि पंचकूला में बहुत अल्प समय के लिए वे मुख्यमंत्री से मिल पाई, मगर उन्हें सुन पाना और इस समारोह में शामिल होना उन्हें काफी उत्साहवर्धक लगा। वे कहती हैं कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों की हौसला आफजाई होती है। यह उन छात्रों का सम्मान है जो बहुत कम साधन और सुविधाओं में अपनी मेहनत के बल पर टाॅप पर पहुंचते हैं। वहां सम्मान समारोह में आने वाले दूसरे जिलों के बच्चों से मिलकर भी अच्छा लगा। इस समारोह में जाकर बहुत खुशी महसूस हुई और लगा कि मेहनत का सम्मान होता है।