- डीटीपी प्रवर्तन ने की कार्यवाही, मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन ने फर्रुखनगर क्षेत्र के गांव जाटोला में एक अवैध कॉलोनी में हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों को विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध तरीके से काम किया तो मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
डीटीपी कार्यालय को सूचना मिली थी कि फर्रुखनगर क्षेत्र में एक अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। जांच में यह सूचना सही पाई गई। विभाग ने कॉलोनी बना रहे लोगों को नोटिस जारी किया। इसका कोई भी संतोष जनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद शनिवार को डीटीपी सुमित मलिक स्थानीय पुलिस के साथ जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंच गए।
यहां पर 15 निर्माणाधीन मकान और 25 डीपीसी स्तर तक के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही बनाई गई सड़कों को भी तोड़ दिया। इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हुए उनसे डीटीपी सुमीत मलिक ने कहा कि वह अपने पैसे का अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। इस अवसर पर जेई आनंद, वेद प्रकाश लाइन मैन, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।