नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने न्यू पालम विहार और सराय अलावर्दी में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बृहस्पतिवार को न्यू पालम विहार इलाके में करीब 1.5 एकड़ जमीन पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी है कि अगर फिर से काम शुरू किया तो मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के माध्यम से सूचना दी गई थी कि जोन -2 में न्यू पालम विहार के क्यू ब्लॉक के सामने करीब 1.5 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी बनाई जा रही है। जांच में यह सूचना सही पाई गई। इसके बाद संयुक्त आयुक्त-2 विजय यादव के निर्देश पर सहायक अभियंता (प्रवर्तन) संजोग शर्मा और जेई राहुल शर्मा अपनी टीम के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए।
नगर निगम की टीम को देखकर कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने अवैध रूप से बनाईं 10 दुकानों को धराशायी कर दिया। इसी अवैध कॉलोनी में कई डीपीसी स्तर के निर्माणों व चहारदीवारी को धराशायी कर दिया। इसके बाद नगर निगम की टीम गांव सराय अलावर्दी पहुंची। यहां पर भी नाले के साथ 10 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने जेसीबी की मदद से सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
सहायक अभियंता संजोग शर्मा कहते हैं कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बनाने, अवैध निर्माणों तथा अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए निगम के चार जोन में अलग-अलग प्रवर्तन टीमें बनाई गई हैं। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहायक अभियंता स्तर तक के अधिकारियों को ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास अवैध व्यवसायिक इमारत को किया ध्वस्त
गुरुग्राम। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बृहस्पतिवार को राजेन्द्र पार्क क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेस-वे के साथ अवैध रूप से बनी एक बड़ी व्यावसायिक इमारत को धराशायी कर दिया। साथ ही चेतावनी दी है कि फिर से किसी तरह का निर्माण नहीं किया जाए।
सहायक अभियंता (प्रवर्तन) संत सुहाग के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार व मनोज कुमार की टीम जेसीबी लेकर राजेंद्र पार्क क्षेत्र में पहुंची। यहां पर द्वारका एक्सप्रेस-वे के साथ अवैध रूप से एक व्यावसायिक बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। टीम ने मौके पर ही जेसीबी की मदद से बिल्डिंग को पूरी तरह से धराशायी कर दिया। किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। (ब्यूरो)