प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री की ओर से लिखा गया मुख्यमंत्री को पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुराने गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार के कार्य को जमीनी स्तर पर जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा गया है।
पीएफटीआई के अध्यक्ष पीके गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुराने शहर में मेट्रो विस्तार की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। अब उद्यमियों, कारोबारियों से लेकर आमजन तक को इस परियोजना के अंतर्गत धरातल स्तर पर काम शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। इस परियोजना की मंजूरी के बाद से अभी तक इस दिशा में कोई कार्य जमीन पर शुरू हीं हो सका है।
पीएफटीआई ने पत्र में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि वह अधिकारियों को आदेश प्रदान करें किए वह इस मेट्रो विस्तार परियोजना का काम जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर शुरू कराएं। यदि मेट्रो परियोजना परवान चढ़ती है तो 10 से 15 लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे सड़क पर वाहनों की संख्या में भारी कमी आएगी और यातायात जाम की समस्या भी दूर होगी। पुराने शहर में मेट्रो आने से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र जैसे उद्योग विहार, सेक्टर-37, सेक्टर-34, बसई, कादीपुर, दौलताबाद और पटौदी रोड आपस में जुड़ जाएंगे। यहां स्थित औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों का आवागमन सुलभ हो जाएगा। यही नहीं स्कूलों और कॉलेजों में जाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेट्रो सेवा वरदान साबित होगी।