नाले में जमा पानी में पनप रहे हैं मच्छर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 10ए में बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला तो बना दिया गया है मगर इसे मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा गया है। इस नाले में कई जगह ढक्कन खुले हैं और काफी पानी जमा है, जो इधर-उधर बहता रहता है। लोगाें को जमा पानी में डेंगू मलेरिया के मच्छरों के पनपने का खतरा मंडरा रहा है।
सेक्टर 10 ए के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतीश प्रकाश गुप्ता ने निवासियों की ओर निगमायुक्त को पत्र लिखकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पिछले दिनों इस नाले की सफाई तो की मगर अधूरी सफाई की। नाले को उपर-उपर साफ कर दिया गया मगर इसमें काफी गंदगी नीचे बैठी हुई है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण परेशानी आ रही है। लोगों ने मांग की है कि इस नाले से सारा पानी निकालकर इसे मुख्य लाइन से जोड़ दिया जाए। खुले ढक्कनों को बंद करने की मांग भी लोगाें ने की है। खुले ढक्कनों के कारण दुर्घटनाएं होने की भी आशंका है।