झील बनाए जाने की चर्चा से चिंतित इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से लगाई गुहार
कहा- झील बनाने की जगह किया जाए इसी का पुनरुद्धार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मानेसर के उद्यमियों ने सरकार से मानेसर के सेक्टर-5 स्थित मानेसर क्लब और गोल्फ कोर्स के पुनरुद्धार की मांग की है। पिछले दिनों इस क्लब की जगह पर झील बनाए जाने की चर्चा से उद्यमी चिंतित हैं। उद्यमियों ने बृहस्पतिवार को एक बैठक कर सरकार को इस संबंध में ज्ञापन देने का निर्णय लिया। उद्यमियों का कहना है कि मानेसर क्लब और गोल्फ कोर्स की जगह पर झील बनाए जाने की जगह इसका ही पुनरुद्धार किया जाए।
बैठक में मानेसर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन (मिवा) के महासचिव विकास गुप्ता, उद्यमी अरुण कानोडिया, कर्नल गुलाटी, रघु कोचर, कर्नल अनिल चावला आदि उपस्थित थे। विकास गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों औद्योगिक क्षेत्र के गोल्फ कोर्स क्लब के परिसर को झील में बदलने की सूचना आई है, इससे मानेसर के उद्यमी आहत हैं। क्लब पांच साल से बंद है। एशिया के बेहतरीन औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में पांच साल पहले तक 35 एकड़ क्षेत्र के इस क्लब और गोल्फ कोर्स का लाभ उद्यमी ले रहे थे। क्लब में मानेसर के उद्यमियों का पैसा लगा है।
प्लाॅट की खरीदने के साथ उन्हें क्लब के लिए भी पैसे देने थे। इस क्लब के अभी भी 1100 सदस्य हैं। क्लब में स्वीमिंग पुल, स्क्वैश, बैडमिंटन कोर्ट आदि कई सुविधाएं थी। उद्यमी यहां परिवार सहित आकर क्वालिटी समय बिता सकते थे। यहां बैठकें आयोजित कर सकते थे। उद्यमी अरुण कानोडिया ने बताया कि एक औद्योगिक क्षेत्र में ये सुविधाएं होनी चाहिए। सरकार ने जिन्हें इस क्लब को चलाने को दिया वे चला नहीं पाए, इसलिए करीब पांच साल पहले यह बंद हो गया, इसका पुनरोद्धार करने की जगह सरकार वहां झील बना रही है जबकि मानेसर के औद्योगिक क्षेत्र को इसकी जरूरत है।