संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। रोडवेज बस डिपो बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। लोग इस मुद्दे को लेकर एकजुट होने लगे हैं। लोगों ने बस डिपो बनाने के लिए सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भी प्रेषित किया है। जिसमे कहा गया है कि रोडवेज विभाग के पास पर्याप्त भूमि है जो वर्षों से खाली पड़ी है। बस डिपो बन जाने से कस्बे में बसों की समस्या से आसानी से निजात मिल जाएगी।
सोहना कस्बे में हरियाणा रोडवेज की करीब 3 एकड़ भूमि वर्षों से खाली पड़ी हुई है, जिसमे गंदगी पसरी हुई है। इस भूमि में लोग अतिक्रमण करने में लगे हुए हैं। जिसको लेकर कस्बे में बस डिपो बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। जागरूक नागरिक डिपो बनाने के लिए जोरशोर से जुटे हुए हैं, ताकि भूमि का सदुपयोग हो सके और लोगों को सुविधा भी मिक सके।
बस डिपो बन जाने से बसों के लिए वर्कशॉप स्थापित हो सकेगा। जहां पर खराब बसें आसानी से रिपेयर हो सकेगी। इसके अलावा नए रूट बन सकेंगे। सवारियां ज्यादा होने पर बसों को तुरंत चलाया जा सकेगा। बस डिपो में दर्जनों बसें खड़ी की जा सकेंगी। जिससे बस स्टैंड पर बसों की किल्लत नहीं रहेगी।
जागरूक नागरिक समाजसेवी बिरजू अधाना कहते हैं कि सोहना कस्बे के दिनों दिन विस्तार हो रहा है। जहां पर सोसाइटी काफी संख्या में बनी हुई हैं। जिसके कारण बस डिपो बनाया जाना उचित है। ताकि लोगों को परिवहन सुविधा का फायदा मिल सके। अशोक वर्मा कहते हैं कि सोहना एक प्राचीन व ऐतिहासिक कस्बा है। जहां पर बस डिपो बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी मदद मिलेगी। पूर्व पार्षद विजय आजाद कहते हैं कि बस डिपो बन जाने पर काफी संख्या में बसें खड़ी हो सकेंगी। सवारियां ज्यादा होने पर उनको आसानी से गंतव्य स्थान पर भेजा जा सकेगा। व्यापार मंडल प्रधान अशोक गर्ग कहते हैं कि बस डिपो बन जाने से भूमि का सदुपयोग होगा और अतिक्रमण नहीं हो सकेगा। इसके अलावा खराब बसों की मरम्मत हो सकेगी।