सड़क टूटी, रेलिंग टूटी लोग बीच हाईवे पर कर रहे सफर
पड़ताल-फोटो
संवाद न्यूज़ एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित खेड़कीदौला टोल का रेट तीन दिन पहले बढ़ गया है लेकिन हाईवे की दशा में सुधार नहीं हो पा रहा है। टूटी ग्रिल, नाले में कूड़े के ढेर और कई जगहों पर सड़क भी सही नहीं है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर राजीव चौक की तरफ आते हुए एग्जिट नंबर-16 के लिए लगे बोर्ड खराब हैं। साइनबोर्ड का रंग पूरी तरह उड़ चुका है। उस पर लिखी सूचना धुंधली हो चुकी है। इससे चालकों को दिशा समझने में दिक्कत होती है। यह स्थिति तेज गति से चलने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकती है।
किसान भवन के सबवे खस्ताहाल
किसान भवन के पास स्थित सबवे की हालत भी बेहद खस्ताहाल हैं। सबवे के अंदर लाइटें बंद हैं। गंदगी और कचरा जमा है। सड़क टूट चुकी है और धूल-मिट्टी उड़कर पैदल राहगीरों को मुंह ढककर चलने पर मजबूर करती है। दीवारों पर जगह-जगह पोस्टर लगे हैं और काली गंदी परत के कारण सबवे डरावना दिखाई देता है।
नाला प्लास्टिक से अटा
एनएच-48 की सर्विस लाइन पर न्यू लाइफ हॉस्पिटल के पास बना नाला पूरी तरह प्लास्टिक, कचरे और गंदे पानी से भरा है। जल निकासी रुकने से पानी सड़ रहा है। उससे बदबू फैल रही है। नाले में पड़ा कचरा गाय खा रही हैं नाले के किनारे लगी रेलिंग भी टूट चुकी है, जिससे वाहन और राहगीरों के गिरने का जोखिम बना रहता है।
एपओबी खराब
ओम नगर के पास एफओबी जर्जर हो चुकी है। फुटओवर ब्रिज की स्थिति भी खराब है। पुल के कई हिस्सें जर्जर हो चुके है। जगह-जगह धूल-मिट्टी और प्लास्टिक के ढेर जमा है, जिस कारण पैदल यात्रियों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है।