बेस्टेक पार्क व्यू स्पा नेक्स्ट सोसाइटी में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 67 स्थित बेस्टेक पार्क व्यू स्पा नेक्स्ट सोसाइटी की 15 वीं मंजिल से प्लास्टर गिरने से दो कार क्षतिग्रस्त हो गई। सोसाइटी के बी टावर के टॉप फ्लोर से रविवार की सुबह करीब 6 बजे जोर की आवाज हुई। लोग बाहर निकले तो देखा कि पार्किंग एरिया में मलबा गिरा है। गनीमत रही कि वहां कोई इंसान नहीं था। मलबा गिरने के कारण दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। इसकी शिकायत लोगों ने पहले आरडब्ल्यूए और इसके बाद सेक्टर 65 थाने में की। मलबा गिरने से गगन भाटिया और सचिन शर्मा की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। गगन भाटिया बी टावर की पांचवी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी की छत मलबा गिरने से पूरी तरह टूट गई है। मलबा गिरने और गाड़ियों के क्षति ग्रस्त होने की शिकायत सेक्टर 65 पुलिस थाने में दर्ज की गई है।
सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गौतम आचार्य ने बताया कि वर्ष 2017 से सोसाइटी में प्लास्ट गिरने की घटनाएं हो रही हैं। हम लोगों ने वर्ष 2018 में बेस्टेक प्रबंधन और नगर योजनाकार को इसकी शिकायत की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोसाइटी की बिल्डिंग में काफी मोटे प्लास्टर किए गए हैं जो अकसर झड़ते हैं। हम लोग इस घटना से डरे हुए हैं।