फर्रूखनगर। डीसी अजय कुमार ने फर्रूखनगर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर सरसों व गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गेट पास व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, वाहनों की एंट्री और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। निरीक्षण के दौरान डीसी ने एक किसान से बातचीत कर प्रक्रिया समझी और इसे अधिक सरल व पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की संख्या के अनुसार पर्याप्त बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएं। सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू और उनका रुख वाहनों की दिशा में सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने कहा कि गेट पास सुबह 6 से रात 8 बजे तक ही जारी हो और केवल मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर सत्यापित किसानों को ही पास दिया जाए। मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, छाया और बैठने की सुविधाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि सरसों की खरीद 6200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी और गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी पर शुरू हो चुकी है। संवाद