उद्यमियों की प्रशासन से मांग-मरम्मत करा दी जाए, बंद नहीं किया जाए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दौलताबाद पुल से आगे द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ी जाने वाली सड़क को बनाने के लिए दो महीने तक रास्ता बंद किए जाने की सूचना लगाई गई है। दौलताबाद उद्योग संघ के उद्यमियों ने बैठक कर प्रशासन से मांग की है कि महज 300 मीटर की सड़क खराब है, इसकी मरम्मत करा दी जाए, इसे बंद नहीं किया जाए। सड़क बंद होने से दौलताबाद के 300 उद्यमियों और इलाके में रहने वाले करीब एक लाख निवासियों को परेशानी होगी क्योंकि कोई भी वैकल्पिक रास्ता नहीं है।
सड़क को एटीएस बिल्डर द्वारा सीएसआर फंड के तहत बनाए जाने की सूचना के बाद सड़क को 60 दिनों के लिए बंद किए जाने संबंधित सूचना लगा दी गई है। इस सड़क पर ड्रेनेज और सीवेज लाइन बंद होने के कारण काफी पानी जमा हो जाता है। आसपास की कॉलोनियों सूरत नगर, टेकचंद नगर, राजेंद्रा पार्क भी जलभराव से प्रभावित हैं। बैठक में विनोद गुप्ता, संजीव अग्रवाल, संगठन के अध्यक्ष पवन कुमार जिंदल, सतीश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, धीरज माहेश्वरी, शीतल मेहरा, संगठन के सचिव उमेश द्विवेदी, हरीश गुप्ता, मनोज यादव, विनय गुप्ता, अनमोल अग्रवाल और वार्ड पार्षद सुरेखा चौहान आदि ने अपनी बात रखी।
दौलताबाद उद्योग संघ के अध्यक्ष पवन कुमार जिंदल का कहना है कि सड़क की ऊंचाई बढ़ाकर बनाने के बाद स्थिति और खराब होगी। यहां पहले सीवेज और ड्रेनेज लाइन की सफाई जरूरी है। सीवेज और ड्रेनेज लाइनें बहुत पुरानी और जर्जर हैं। इनका गंदा पानी पूरी तरह औद्योगिक इलाके और रिहायशी कॉलोनियों में भर जाएगा। रास्ता बंद होने से उद्योगों को काफी नुकसान होगा।
सड़क की ऊंचाई बढ़ने से यहां के निवासियों की परेशानी बढ़ेगी। हम लोग बिल्डर के ठेकेदार से बात करेंगे। सड़क निर्माण के साथ सीवेज, ड्रेनेज की अच्छी व्यवस्था भी जरूरी है, जो सड़क बनने के बाद नहीं हो पाएगी। रिहायशी इलाके नीचे होने के कारण यहां काफी पानी जमा होता रहा है।
- सुरेखा चौहान, निगम पार्षद, वार्ड संख्या 34