ग्रामीणों ने प्रशासन से की मरम्मत की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। लुहिंगा कला गांव से आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर गुड़गांव कैनाल पर बना पुल जर्जर हालत में पहुंच चुका है। पुल की दीवारें जगह-जगह से टूट चुकी हैं और नीचे की मिट्टी भी बह गई है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुल से रोजाना सैकड़ों वाहन, स्कूल के बच्चे और राहगीर गुजरते हैं। लेकिन पुल की स्थिति इतनी खराब है कि किसी भी समय यह हादसे को न्योता दे सकता है। समाजसेवी आजम खान, सरपंच हसन मोहम्मद, इकबाल सरपंच, जावेद खान, जाहुल खान, अंसार खान, फजरूद्दीन और जहाज़ खान ने बताया कि यह मार्ग लुहिंगा से होकर ऐंचवाड़ी, गोकलपुर, नीमखेड़ा, बडेड, डोंडल, नंगला और जमालगढ़ समेत दर्जनभर गांवों को जोड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। बरसात के दिनों में पुल पर पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। छोटे वाहन तो किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन भारी वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पुल के ऊपर गड्ढा है जिनका तकरीबन तीन लाख का टेंडर हो चुका है। एक दो दिन में इस पर काम शुरू कर गड्ढों को ठीक किया जाएगा जिससे पुल की मजबूती बढेगी। गड्ढों को भरने के कार्य में बेहतर गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाएगा । -मुबारिक खान कनिष्ठ अभियंता सिंचाई विभाग