गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर थाना इलाके में मंगलवार शाम को कैंटर चालक ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में साइकिल सवार धनंजय चौहान (35) की मौत हो गई। वो मूलरूप से बिहार के नवादा जिले के जाखोर गांव के रहने वाले थे। फिलहाल यहां भांगरौला गांव में किराये पर रहकर आईएमटी सेक्टर-3 में एक कंपनी में काम करते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कैंटर छोड़कर मौके से भागे चालक के खिलाफ आईएमटी मानेसर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सात जुलाई को धनंजय कंपनी से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। इस दौरान भांगरौला चौक (बासकुशला) के पास ये हादसा हुआ। मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धनंजय अपनी सही साइड में जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-8 की तरफ से आए कैंटर चालक ने साइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर चोटें आने के कारण धनंजय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी चालक कैंटर छोड़कर मौके से भाग गया। पति के घर न लौटने पर परेशान पत्नी कविता देवी तलाश करते हुए आईएमटी मानेसर थाने पहुंची। वहां पता चला कि पुलिस ने एक अज्ञात शव को मोर्चरी (गुरुग्राम) में रखवाया हुआ है। कविता ने परिजनों के साथ मोर्चरी जाकर शव की पहचान अपने पति धनंजय के रूप में की। इसके बाद उन्होंने शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। ब्यूरो