नूंह साइबर पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के शातिर ठग को दबोचा, फर्जी सिम-खातों से 60-70 हजार की ठगी का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले की साइबर क्राइम टीम ने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान जहीर अब्बास पुत्र सहजोर खान निवासी गांव बनारसी थाना पिनगवां जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि करीब 7-8 महीने पहले वह बोने न्यूट्रिएंट्स कंपनी में काम करता था, जहां से उसे नौकरी से निकाल दिया गया। उसने एक अज्ञात व्यक्ति से 4500 रुपये में 1500 प्रति सिम के हिसाब से तीन फर्जी सिम कार्ड खरीदे। इनके आधार पर फेसबुक पर लड़की की फर्जी आईडी बनाकर अंजान लोगों से दोस्ती की, चैटिंग के दौरान अश्लील फोटो-वीडियो भेजे और ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठे। हाल ही में उसने दिल्ली निवासी दीपक रहेजा का आधार कार्ड डाउनलोड कर अपने मोबाइल नंबर से लिंक किया और फर्जी दस्तावेजों के जरिए आरबीएल बैंक तथा इंडियन ओवरसीज बैंक में खाते खुलवाए। ये फर्जी दस्तावेज गांव के ही सीएससी सेंटर चलाने वाले युवक ने तैयार करके दिए थे। जहीर अब्बास ने कबूल किया कि साइबर फ्रॉड से अब तक उसने 60-70 हजार रुपये कमाए। पुलिस ने आरोपी से फर्जी सिम, मोबाइल फोन और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। नूंह जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।