जीएमडीए पानी निकासी के लिए पुलिया निर्माण कराना चाहता है, एनएचएआई ने जताई असहमति
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर वाहनों के भारी दबाव के कारण नरसिंहपुर के पास नई पुलिया निर्माण की योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा प्रस्तावित इस परियोजना पर एनएचएआई ने असहमति जता दी है।
हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक सर्विस रोड पर बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। कई बार पानी मुख्य हाईवे तक पहुंच जाता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है। जीएमडीए ने बारिश और घरेलू पानी की निकासी के लिए सनबीम-राधा कृष्णा गार्डन के सामने नई पुलिया बनाने का प्रस्ताव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को भेजा था। प्रारंभिक प्रस्ताव में मुख्य कैरिजवे पर ओपन पुलिया बनाने की बात थी लेकिन एनएचएआई ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया कि इससे लंबे समय तक ट्रैफिक बाधित होगा। इसके बाद जीएमडीए ने ट्रैफिक को प्रभावित किए बिना ट्रेंचलेस तकनीक से पुलिया निर्माण का संशोधित प्रस्ताव भेजा, लेकिन इस पर भी एनएचएआई ने असहमति जता दी। अधिकारियों के अनुसार, हाईवे पर आवश्यक स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण यह कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह ने बताया कि एनएचएआई ने ट्रेंचलेस तकनीक से भी पुलिया निर्माण में असहमति जताई है। उन्होंने बताया कि पुरानी पुलिया से राधा कृष्णा गार्डन तक हाईवे के साथ-साथ नाला बनाने की योजना तैयार की जा रही है। राधा कृष्णा गार्डन के पास पहले बनाए गए कच्चे नाले को भी पक्का किया जा रहा है।