मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने सीएससी टीम के साथ मिलकर की कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और काॅमन सर्विस सेंटर के मैनेजर की संयुक्त टीम ने सोमवार को अवैध रूप से चल रहे काॅमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर छापा मारा। टीम ने यह कार्रवाई बजघेड़ा चौक से राजेंद्र पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित आरके इंटरप्राइजेज काॅमन सर्विस सेंटर पर की। कार्रवाई के दौरान पता चला कि सीएससी आईडी से ही यह सर्विस सेंटर अवैध रूप से चलाया जा रहा था। मोटी रकम लेकर यहां फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जा रहे थे। संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार काॅमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक विकास पूनिया ने बजघेड़ा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी थी। सूचना के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते व सीएससी कार्यालय की टीम ने साेमवार दोपहर इस अवैध काॅमन सर्विस सेंटर पर छापे की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान वहां पर एक युवक बैठा मिला जिसका नाम राकेश था। वह इसका संचालन कर रहा था।
टीम ने जब उससे अनुमति प्रमाण पत्र मांगा तो वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। अवैध रूप से चलाए जा रहे सेंटर से कई दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपी फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनाता था। इसके बदले में वह लोगों से मोटी रकम वसूलता था।