केयरटेकर को कमरे में जाते देख भाई व दो दोस्तों से साथ अकादमी में घुस गया था बच्चा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना के अंतर्गत सेक्टर-87 स्थित श्रीश्याम क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी में 27 अगस्त को आठ वर्षीय बच्चे की पिच रोलर के नीचे आने से मौत हो गई। यह बच्चा बड़े भाई व दो दोस्तों के साथ क्रिकेट अकादमी के मैदान में घुस गया था। बच्चों ने वहां खड़े पिच रोलर को स्टार्ट कर दिया, जिससे पीछा करते समय एक बच्चा पिछले ड्रम के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए तो उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी आकाश कुमार (8) के रूप में हुई है। बच्चे का परिवार काकरोला गांव में किराये पर रहता है और पिता दिहाड़ी-मजदूरी करता है। परिवार में सात बच्चे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि आकाश कुमार 27 अगस्त को बड़े भाई नील व अन्य दो बच्चों के साथ श्रीश्याम क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी के आसपास खेल रहा था।
रोलर को रोक नहीं पाए बाकी बच्चे
दोपहर को अकादमी का केयरटेकर कमरे में जाकर सो गया और मैदान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में चारों बच्चे दोपहर करीब 2 बजे क्रिकेट अकादमी के अंदर घुस आए और वहां मैदान में खड़े पिच रोलर के पास खेलने लगे। इसी दौरान बच्चों ने पिच रोलर को स्टार्ट कर लिया। पीछे हटाने के दौरान आकाश रोलर के पिछले ड्रम के नीचे दब गया। बच्चों को रोलर रोकना नहीं आया और आकाश के पैर के ऊपर चढ़ते हुए कमर तक दबता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आकाश कुमार के रोलर नीचे दबने के बाद उसके बड़े भाई नील व अन्य बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग क्रिकेट अकादमी के मैदान में पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों को रोलर के नीचे से निकालकर पास के निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहीं, परिवार वालों को भी घटना के बारे में जानकारी दी। बच्चे की शाम करीब पौने चार बजे निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर खेड़कीदौला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस ने घटना के बारे में मृत बच्चे के बड़े भाई नील व अन्य बच्चों के बयान दर्ज किए।
एमसी उठाकर चलाया रोलर
पुलिस ने मृत बच्चे के बड़े भाई नील से घटना के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वे चाराें बच्चे क्रिकेट अकादमी के मैदान में घुस गए थे। उस समय मैदान में कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में उन्होंने वहां खड़े पिच रोलर की एमसी को उठाया तो रोलर चलने लगा। इसके बाद बच्चे रोलर को आगे-पीछे करने लगे। रोलर के पीछे आकाश खड़ा था तो वह रोलर के पिछले ड्रम के नीचे दब गया।
प्रशिक्षक बोले-नहीं है अकादमी में प्रवेश की अनुमति
प्रशिक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि अकादमी में चारों तरफ करीब चार फीट ऊंची लोहे की जाली लगाई हुई है। सुबह व शाम के समय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के दौरान किसी को अकादमी में प्रवेश की अनुमति नहीं है। ऐसे में दोपहर के समय जब अकादमी खाली होती है तो बच्चे यहां पर जाली के ऊपर से उतरकर आ जाते हैं। बच्चों ने कई जगह से जाली को मोड़ रखा है। 27 अगस्त की दोपहर को अकादमी का केयरटेकर भी अपने काम निपटाकर कमरे में खाना-खाने व आराम करने चला गया था। इसके बाद आकाश कुमार व भाई नील अपने दो दोस्तों के साथ अकादमी में जाली को पार करके प्रवेश कर गए थे।
-
शुक्रवार को मृत बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिवार वालों ने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है। मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है।
-रणजीत सिंह, जांच अधिकारी, खेड़कीदौला थाना