गुरुग्राम। पैदल यात्रियों के लिए जानलेवा बन रही शहर की सड़कों और मुख्य चौक-चौराहों पर आवागमन सुरक्षित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने सड़क सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट (जहां दुर्घटना होने का अंदेशा हो) को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। राजीव चौक, ईफ्को चौक, खांडसा कट, शंकर चौक सहित दूसरे अन्य चौराहों पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन का रास्ता बनाने को कहा।
उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे इन स्थानों पर पैदल यात्रियों के लिए व्यवस्था करें ताकि लोग सुरक्षित होकर सड़क पार कर सकें। बैठक में रोड सेफ्टी ऑफिसर गिरीश ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), एसीपी ट्रैफिक के साथ राजीव चौक का निरीक्षण किया था। इसके बाद राजीव चौक पर पैदल क्रॉसिंग का नक्शा तैयार किया गया है। यह नक्शा डीसीपी ट्रैफिक के माध्यम से एनएचएआई को भेज दिया गया है। उपायुक्त ने ईफ्को चौक पर एमजी रोड रेडलाइट फ्री होने के बाद पैदल यात्रियों को आ रही परेशानी भी दूर करने को कहा। खांडसा के पास बने फुटओवर ब्रिज पर आवागमन बेहतर किया जाएगा। इसके अलावा पुराना दिल्ली रोड स्थित अतुल कटारिया चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान वहां बैरिकेड लगाकर सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे। बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि हीरो होंडा चौक पर स्ट्रीट लाइट का प्रबंध कर दिया गया है।
खबर प्रकाशित होने के बाद लिया संज्ञान
अमर उजाला ने 14 जुलाई के अंक में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं है शहर की सड़कें, शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। उसमें जनवरी से लेकर अब तक हुई दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए यह बताने का प्रयास किया गया था कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं पैदल यात्रियों के साथ ही हो रही है। शहर की सड़कों पर अवैध कट और गलत तरीके की क्रासिंग पैदल यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेकर कवायद शुरू कर दी है।