गरबा कार्यक्रम में की बिजली चोरी, लगाया 6 लाख का जुर्माना
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 के पिंक टाउनशिप में आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम में आयोजकों को बिजली चोरी करना महंगा पड़ा। बिजली निगम ने दंपति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
मूलरूप से गुजरात निवासी किंजल जोशी व उसकी पत्नी मनीषा जोशी डीएलएफ फेज-3 की पिंक टाउनशिप में अपने घर में योग भी सिखाते हैं। 18 अक्तूबर को दंपति ने टाउनशिप में गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय निवासी प्रदीप यादव अधिवक्ता ने सेक्टर-31 स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता सर्कल-2, कार्यकारी अभियंता विजिलेंस सेक्टर-31 और कार्यकारी अभियंता मंडल सेक्टर-31 के नाम शिकायत देकर बिजली चोरी की आशंका जताई थी। कार्यक्रम में अत्याधिक वोल्टेज के बल्ब सहित अन्य बिजली उपकरण लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान बिजली निगम के एसडीओ प्रशांत कुमार, जेई नरेश कुमार, एएसआई भूपेंद्र मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू की। इस दौरान पाया गया कि आयोजकों ने बिजली के उपकरण यहां लगी मेन वायर से जोड़ी हुई है। अधिकारियों ने मामले में 12 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया था। मामले में आयोजक दंपति पर करीब 6.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।