व्यवसायी ने सहायिका से की छेड़छाड़, बालकनी से गिरी
गुरुग्राम। द ब्लेयर अपार्टमेंट में व्यवसायी ने सहायिका के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता जब उससे बचकर बालकनी से चद्दर के सहारे उतरने लगी तो नीचे गिर गई। इस दौरान उसकी कमर व पैर पर चोट लग गई। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही बुधवार को सेक्टर-53 थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर जांच लिया है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से झारखंड निवासी 21 वर्षीय युवती ने कहा कि वह द ब्लेयर अपार्टमेंट सेक्टर-54 निवासी अजय अश्वनी (44) के घर तीन महीने से सहायिका का काम कर रही थी और इसी घर में रहती थी। अश्वनी का अपना व्यवसाय है। पीड़िता ने बयान में कहा कि जब भी अजय की पत्नी घर से बाहर जाती तो अजय उससे अपनी मालिश करवाता, विरोध करने पर उसे डांटता। आरोप है कि 4 मार्च को अजय की पत्नी बच्चों को लेने स्कूल गई थी, इस दौरान अजय ने मौका पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। किसी को बताने पर उसे मारने की धमकी दी। छह मार्च को उसने फिर छेड़छाड़ की, उससे बचने के लिए वह 6 मार्च को बालकनी से चद्दर बांधकर नीचे उतर रही थी कि अचानक नीचे गिर गई, जिसमें उसे काफी चोटें लगी। उसे लोगों ने नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
------