ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर थोड़ी ही देर में बैंक खाते से निकाले 90 हजार
-चेन्नई से कॉल आने पर हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। धोखाधड़ी कर बैंक खाते से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने का मामला सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में बहादुरगढ़ निवासी प्रदीप कुमार ने कहा कि वह सेक्टर-38 में किराए पर रहते हैं। उनका बैंक खाता सेक्टर-31 स्थित एचडीएफसी बैंक में है। मंगलवार की रात को वह खाते से 3 हजार रुपये निकाले सेक्टर-48 गए थे। यहां एसएस प्लाजा स्थित एटीएम से रुपये निकाले। इसके कुछ देर बाद से उन्हें मैसेज आने लगे। जिन्हें वह पढ़ नहीं सके। इसी दौरान उन्हें एचडीएफसी बैंक चेन्नई से कॉल आया, जिसके द्वारा उनके बैंक खाते में तेजी से हो रही ट्रांजेक्शन के बारे में पूछा गया, जिस पर उन्हें अपने साथ हुए धोखाधड़ी का पता लगा। जांच करने पर पता लगा कि उनके बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-------