रोहतक के ध्यानार्थ
नशे व ऐश के लिए करते थे चेन स्नेचिंग, नजफगढ़ से पकड़े
-100 से अधिक मामलों का हुआ खुलासा, तीन दिन के रिमांड पर आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नशे व ऐश करने के लिए पिस्तौल के बल पर स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के सरगना सहित दो आरोपियों को अपराध शाखा-10 एंटी स्नेचिंग स्टाफ ने नजफगढ़ से दबोचा है। आरोपियों ने 100 से अधिक वारदातों का खुलासा किया है। मुख्य आरोपी रोहतक निवासी संजय अदालत से 28 मामलों में भगोड़ा घोषित है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस उपायुक्त अपराध सुमित कुहाड़ ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि अपराध शाखा प्रभारी उप निरीक्षक संदीप कुमार को 30 जुलाई को एक गुप्त सूचना मिली। बताया गया कि चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश नजफगढ़ में अपनी हुंडई गाड़ी को ठीक करवाने के लिए एजेंसी पर जाएंगे। इसके बाद टीम गठित कर आरोपियों को दबोच लिया गया। आरोपियों की पहचान रोहतक निवासी संजय उर्फ राजेश व बागपत उत्तर प्रदेश के गांव सरूरपुर निवासी संदीप उर्फ सैंडी के रूप में हुई। दोनों आरोपी फिलहाल दिल्ली में ही किराए पर रह रहे थे। पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि वर्ष 1994 से अपराध कर रहा है। 2017 से बाइक सवार स्नैचर के तौर पर गिरोह चला रहा था। दिल्ली से गुरुग्राम आकर स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने आते थे। 6 महीने में उन्होंने स्नेचिंग की करीब 40 वारदातों को अंजाम दिया था।
28 मामलों में हैं भगोड़े
-आरोपी संजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी 10 से अधिक बार जेल जा चुका है। 28 मामलों में अदालत उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी है। पुलिस से बचने के लिए वह कुछ ही दिनों में अपना मोबाइल व दोस्त बदल लेता था। इतना ही नहीं स्नेचिंग का सामान जिसे बेचता था वह भी कुछ ही समय में बदल जाता था। आरोपियों ने बताया कि वह नशे के आदी हैं और इस आदत को पूरा करने सहित ऐशों आराम की जिंदगी जीने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।
सम्मानित होगी टीम
-चेन स्नेचिंग गिरोह को पकडने वाले पुलिसकर्मियों की टीम को सीसी प्रथम का प्रशंसापत्र व 05 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसकी घोषणा पुलिस आयुक्त के के राव ने की। उप निरीक्षक संदीप कुमार की टीम में उप निरीक्षक दलपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक निर्मल सिंह, मुख्य सिपाही रॉबिन, सिपाही अनिल कुमार, प्रदीप, संजीव, अभिषेक सागर और संजीव को यह सम्मान दिया जाएगा।