जेल उप अधीक्षक को फर्जी कॉल, काम करने का बनाया दबाव
फोन करने वाले ने खुद को गृह मंत्रालय का अधिकारी बताया, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गृह मंत्रालय के कथित अधिकारी ने जेल उप अधीक्षक को फोन करने का मामला भोंडसी थाना पुलिस ने दर्ज किया है। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने जेल में अपने कार्यालय से एक व्यक्ति को भेजने की बात कही, जिसका जेल में काम करवाने को कहा गया। जेल उप-अधीक्षक को शक होने पर इसकी जांच की गई तो कॉल फर्जी पाई गई। उन्होंने भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जेल उप-अधीक्षक राम चंद्र ने शिकायत में कहा कि 16 जुलाई को सुबह करीब साढ़े 10 बजे जेल के लैंडलाइन नंबर पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को गृह मंत्रालय से अवर सचिव (अंडर सेक्रेट्री) बताकर कॉल को जेल अधीक्षक को ट्रांसफर करने को कहा। अधीक्षक के बाहर होने की बात कहने पर उसने कहा कि एक व्यक्ति भेज रहा हूं, कुछ काम है। वह करवा देना। करीब दो घंटे बाद जब गृह मंत्रालय के लैंडलाइन नंबर पर फोन कर दोबारा पुष्टि करने की कोशिश की गई तो मंत्रालय के अधिकारियों ने इंकार कर दिया। जांच में नंबर मोबाइल का मिला और फोन करने पर बंद पाया गया। नंबर गुरुग्राम निवासी मनीष भारद्वाज के नाम का बताया गया। इस पर शुक्रवार को उन्होंने भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।