गांव कादरपुर में एक युवक का शव रविवार सुबह पेड़ से लटका हुआ मिला। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक हरिकेश ने बताया कि मृतक के हाथ पर सुनील लिखा है। शव के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल सीआरपीसी 174 की कार्रवाई करते हुए शव को शवगृह में रखवा दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को गांव कादरपुर स्थित चौपाल में लगे पेड़ पर करीब 30 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। युवक ने कमीज व एक अन्य कपड़े का फंदा बनाकर फांसी लगाई हुई थी। सुबह करीब 6 बजे जब स्थानीय लोग खेत की तरफ जाने लगे तो उन्होंने शव को फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
------