गुरुग्राम। एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने शादी का झांसा देने वाले युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पूर्व महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी युवक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली 23 वर्षीय पीड़िता एक निजी अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत है। वह सिलोखरा गांव में किराये पर रहती है। बीते साल उसकी दोस्ती यूपी के झांसी निवासी युवक शुभम राय से हुई थी।
आरोप है कि बीते साल जून से लेकर 10 माह तक आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस महीने जब उसने शादी के लिए युवक और उसके परिजनों से बातचीत की तो उन्होंने इनकार कर दिया। सोमवार देररात पीड़ित नर्स की शिकायत पर सेक्टर-51 स्थित पूर्व महिला थाना पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है।