गुरुग्राम। बासलांबी निवासी एक महिला ने सिधरावली निवासी ससुराल पक्ष के लोगों पर घर से निकालने व दहेज में दस लाख रुपये मांगने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस को यह भी बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उससे मारपीट करते थे और एक बार उसको फंदा लगा चुके हैं, लेकिन वह बच गई।
काजल ने मानेसर महिला थाना में बताया कि उसकी शादी 2019 में सिंधरावली के हंसराज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर व जेठ-जेठानी अतिरिक्त दहेज की मांग करके मारपीट करने लगे। बेटी होने पर उसे और प्रताड़ित किया और दस लाख रुपये लाने की मांग रखते हुए घर से निकाल दिया। महिला के पिता ने पंचायत के सामने भी बात रखी, लेकिन मामला नहीं सुलझा। आरोप है कि जब वह ससुराल में थी, तो एक बार सभी ने उसे फंदा लगा दिया, लेकिन वह बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।