फर्रुखनगर। मोहम्मदपुर गांव में बुधवार रात करीब आठ बजे कार सवार दो हमलावरों ने गांव के पूर्व सरपंच व शराब के ठेकेदार राजेश यादव के भाई एवं अधिवक्ता कृष्ण कुमार पर कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। कृष्ण कुमार घटना स्थल पर खड़ी कार के सहारे घर के अंदर चले गए और जवाबी फायरिंग की। जिसके बाद हमलावर भाग निकले। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने पांच राउंड गोली चलाई।
थाना प्रभारी संदीप अहलावत ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। उन्हें तीन खोल व गाड़ी से एक सिक्का मिला है। सूचना के बाद एसीपी पटौदी बीरसिंह भी टीम सहित पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जांच के आदेश दिए। हालांकि अभी तक मामला दर्ज नहीं हुआ था । पुलिस टीम पड़ताल कर रही थी। वकील ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात करीब आठ बजे अपने पुराने घर पर था। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आया, तो दो युवक उनके नए घर पर गोली चला रहे थे। जैसे उनकी नजर उसके ऊपर पड़ी तो उन्होंने मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। वह जान बचाने के लिए बाहर खड़ी कार के सहारे छिपकर घर के अंदर गया। गोली गाड़ी की बाडी को चीरते हुए अंदर गिर गई। बचाव में उन्होंने तीन हवाई फायर किए, तो हमलावर गांव से गुरुग्राम रोड की और कार में बैठकर फरार हो गए।