- 15 साल की अवधि पूरी कर चुके वाहनों पर कार्रवाई, एनजीटी के नियमों के तहत अभियान तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। यातायात पुलिस ने एनसीआर में प्रतिबंधित पुराने वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत शनिवार को पुलिस ने दमदमा चौक से 15 साल से अधिक पुराने चार पेट्रोल वाहनों को जब्त किया। कार्रवाई के बाद पुराने वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। जोनल अधिकारी एएसआई जयवीर सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि एनजीटी के आदेश के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल और 10 साल से अधिक पुराने डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।