- बिना नंबर प्लेट और एचएसआरपी के वाहन चलाने पर 99.57 लाख रुपये का जुर्माना
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने जुलाई माह में बिना नंबर प्लेट और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर 11,171 चालान किए। पुलिस ने इन वाहन चालकों पर कुल 99 लाख 57 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देश पर की गई। यातायात पुलिस ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वाले 5,468 वाहनों के चालान किए गए। इन वाहन चालकों पर कुल 46 लाख पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहन चलाने वाले 5,703 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन पर 53 लाख 52 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। इससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ चालान से भी बचा जा सकेगा।