दोनों पक्षों ने सेक्टर-29 थाने में दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित चाइना गार्डन रेस्टोरेंट में बुधवार रात एक दंपती द्वारा खराब खाने का विरोध जताने पर स्टाफ ने दुर्व्यवहार किया था। दिल्ली निवासी दंपती के खराब खाने का विरोध करने व ऑर्डर रद्द करने पर भी रेस्टारेंट प्रबंधन ने उनको 4,851 रुपये का बिल दे दिया। दंपती ने सेक्टर-29 थाने में चाइना गार्डन रेस्टोरेंट के संचालक व स्टाफ के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
नोएडा निवासी ऋषि आनंद ने सेक्टर-29 थाने में दी शिकायत में बताया वह बुधवार की रात को पत्नी के साथ चाइना गार्डन रेस्टोरेंट आए थे। रेस्टोरेंट में परोसा गया खाना काफी खराब पाया तो उन्होंने स्टाफ से इसकी शिकायत भी की और खाना खाने से मना करते हुए ऑर्डर को रद्द करने के लिए कहा। आर्डर रद्द करने के बावजूद रेस्टोरेंट के स्टाफ ने बिल जमा करने के लिए कहा। जिस कारण दोनों पक्षों में विवाद हो गया और बात थाने पर पहुंची।
जांच अधिकारी विकास ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दी गई है। दंपती और रेस्टोरेंट के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दंपती ने खराब खाना होने के कारण बिल का भुगतान नहीं किया। वहीं, रेस्टोरेंट संचालक का कहना है कि दंपती ने खाना ऑर्डर करके खाया व बिना बिल चुकाए ही चले गए।