- सेक्टर 40 के आरडब्ल्यू अध्यक्ष ने लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सामुदायिक भवन पर कब्जे को लेकर आरडब्ल्यूए और निगम पार्षद के विवाद का मामला सामने आया है। सेक्टर 40 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अभिमन्यु यादव ने आरोप लगाया कि नगर निगम के मनोनीत पार्षद कृष्णा स्वामी ने सामुदायिक भवन स्थित सीनियर सिटिजन रिक्रिएशन रूम में ताला जड़ कर उसपर कब्जा कर लिया है। सामुदायिक भवन आरडब्ल्यूए का है और बगैर आरडब्ल्यूए की सूचना के उस पर कब्जा नहीं किया जा सकता है। दूसरी ओर निगम पार्षद कृष्णा स्वामी ने कहा कि उन्होंने कोई कब्जा नहीं किया है। नगर निगम ने सामुदायिक भवन का वह कमरा उन्हें कार्यालय के लिए दिया गया है। नगर निगम ने मुझे उस कमरे की चाभी दी है, जिसमें मेरा कार्यालय होगा।
सामुदायिक भवन में निगम पार्षद के कार्यालय खोले जाने संबंधित विवाद पहले भी सामने आए हैं। आरडब्ल्यूए अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के बसाए सेक्टरों के सामुदायिक भवन निवासियों के लिए है। इनमें वे अपने कार्यक्रम आयोजित करते हैं। नगर निगम के पार्षदों के कार्यालय इसमें नहीं खोले जाने चाहिए। सेक्टर चार के सामुदायिक भवन, सेक्टर 46 के सामुदायिक भवन आदि में निगम पार्षद आरडब्ल्यूए विवाद पहले सामने आ चुके हैं।