अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम की टीम ने सोमवार को न्यू कॉलोनी क्षेत्र में अवैध निर्माण को ढहाने के साथ कई भवनों को सील कर दिया है। निगम की ओर से की गई कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम आयुक्त ने बिना अनुमति के निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश दिया है। निगम की ओर से पहले अवैध निर्माण करने वालों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया जाता है।
सहायक अभियंता यतेन्द्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता हिमांशु यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में निगम के कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से जुटे रहे। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमोदन के किए जा रहे अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
संकेतक बोर्ड, यूनिपोल और अवैध होर्डिंग्स हटाए
नगर निगम की विज्ञापन एनफोर्समेंट शाखा की टीम ने भी अवैध प्रचार सामग्री हटाने के लिए विशेष अभियान छेड़ा हुआ है। सहायक अभियंता हरिप्रकाश के नेतृत्व में टीमों ने रविवार देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए संकेतक बोर्ड, यूनिपोल और खंभों पर लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाया। इस दौरान हाइड्रोलिक क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से बड़े आकार के होर्डिंग बोर्ड भी उतारे गए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अनाधिकृत निर्माण व अवैध विज्ञापन सामग्रियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना अनुमति निर्माण कार्य या अवैध विज्ञापन न लगाएं अन्यथा निगम की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।