गुरुग्राम। सरकार के निर्देश पर अब 29 और 30 अप्रैल को कोरोना वैक्सीन लगाने का काम नहीं होगा, क्योंकि सरकार ने वैक्सीनेशन के बारे में नई नीति बनाई है, जिसे एक मई से लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस अवधि में 18 साल से अधिक उम्र के युवाओं के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसके पहले दिन ही पोर्टल कई बार क्रैश होने के कारण अधिकांश आवेदन नहीं कर सके। इसके लिए जारी की गई हेल्पलाइन का नंबर नहीं लगा। ऐसे में काफी लोगों को मायूस होना पड़ा। कई लोग तो देर रात तक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पोर्टल पर लगे रहे। कुछ लोगों का ही रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक हुआ।
मुख्य चिकित्साधिकारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि सरकार ने वैक्सीन के लिए नई नीति बनाई है, जिसमें वैक्सीन का निजी क्षेत्र में मूल्य भी तय किया है। साथ ही लगाने के बारे में नए नियम बनाए हैं। इसकी वजह से पिछले सप्ताह से जिले में वैक्सीन का आवंटन नहीं हुआ है। इस बारे में विस्तृत निर्देश एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है। जिन क्षेत्रों में वैक्सीन का स्टाक शेष है, वहां पर वैक्सीन लगवाई जा सकती है।
नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन
पटेल नगर निवासी अभिषेक शाम छह बजे से वैक्सीन लगवाने के लिए पोर्टल पर आवेदन कर रहे थे। कई बार डाटा फीड करने तो कई बार सम्मिट करने के दौरान पोर्टल क्रैश हुआ। सुशांत लोक निवासी राज कुमार सिंह का कहना है कि वह शाम छह से लेकर आठ बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर रहे थे, लेकिन साइट क्रैश होने के कारण खुल नहीं रही थी। बादशाहपुुर निवासी रवि कुमार और आकांक्षा का कहना है कि पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा, जिसके कारण वह अपना नाम वैक्सीन लगवाने के लिए फीड नहीं कर पाए।
इनका रजिस्ट्रेशन हुआ
डीएलएफ फेज-2 निवासी निशांक का कहना है कि करीब एक घंटे तक प्रयास करने के बाद रजिस्ट्रेशन हो सका, जिसमें आधार कार्ड का विवरण फीड करना अनिवार्य है। पोर्टल में आवेदन करने के दौरान स्वास्थ्य, डायबिटीज, स्वास रोग आदि से संबंधित कुछ और जानकारी मांगी गई थीं, जिनको ऐसी बीमारी हों वह उसे जरूर फीड करें। हो सकता है ऐसे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगवाने का अवसर मिले।