गुरुग्राम। कोरोना की दूसरी लहर किस कदर कहर बरपा रही है, आंकड़े खुद संक्रमण की पुष्टि कर रहे हैं। अप्रैल की शुरुआत से अब तक जिले में रोजाना औसतन 960 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है जबकि इससे पहले पिछले नवंबर का महीना संक्रमण के लिहाज से जिले के लिए सबसे घातक साबित हुआ था। उस दौरान रोजाना औसतन 653 नए मरीज आ रहे थे और एक माह में कुल 19594 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी लेकिन अप्रैल में आंकड़े बिलकुल बदल गए हैं।
इस समय जिले में रोजाना औसतन 960 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है और शुरुआती 17 दिनों में ही 16311 संक्रमित आ चुके हैं। यदि प्रतिदिन आने वाले नए मरीजों की संख्या यही रही तो नवंबर में आने वाले एक माह के सर्वाधिक मरीजों का रिकॉर्ड अप्रैल के 21 दिनों में ही टूट जाएगा। प्रदेशवार कोरोना के आंकड़े देखें तो गुरुग्राम में संक्रमण की खतरनाक स्थिति और स्पष्ट होकर सामने आती है। कोरोना की शुरुआत होने के बाद पिछले साल मई-जून में एक वक्त ऐसा भी था जब गुरुग्राम के मुकाबले फरीदाबाद में रोजाना मरीजों की संख्या ज्यादा रहती थी लेकिन आज हालात बिलकुल बदल गए हैं। शनिवार को फरीदाबाद में 987 मरीज आए तो गुरुग्राम में दोगुने से भी ज्यादा 2549 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, इस सूची में सोनीपत तीसरे स्थान पर रहा, जहां कोरोना के 646 नए मरीज आए।
प्रदेश के कुल सक्रिय मरीजों में गुरुग्राम के 27 फीसदी
प्रतिदिन आने वाले नए मरीजों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी होने से कोरोना के सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। जिले में इस समय साढ़े 10 हजार से भी ज्यादा सक्रिय मरीज हैं जबकि इस सूची में दूसरे स्थान पर काबिज फरीदाबाद में सक्रिय मरीजों की संख्या 5 हजार से भी कम है। वहीं, तीसरे स्थान पर मौजूद सोनीपत में 3 हजार से भी कम सक्रिय मरीज हैं। पूरे प्रदेश में इस समय 38 हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं, जिसमें गुुरुग्राम की हिस्सेदारी 27 फीसदी से ज्यादा है।