कोरोना ने ली 3 और मरीजों की जान, 339 नए संक्रमित
गुरुग्राम। जिले में अब न सिर्फ कोरोना के नए मरीजों की संख्या बढ़ रही है, बल्कि उनकी मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। इसी क्रम में शुक्रवार को 3 मरीजों की संक्रमण के कारण मौत हो गई, जबकि 339 नए मरीज सामने आए। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 2755 हो गई है। इनमें से 2503 होम आइसोलेट हैं। शुक्रवार को 3 और मरीजों की मौत के बाद जिले में मृतकों की संख्या 156 पर पहुंच गई है।
शुक्रवा को जिले में 339 नए मरीज आने के बाद कुल तादाद 17,063 हो गई है। इनमें से 14,152 स्वस्थ हो चुके हैं। अब जिला कोविड अस्पताल में सबसे ज्यादा 187 मरीज भर्ती हैं। साथ ही, जिले में जांच भी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को 3626 लोगों की जांच की गई। इनमें से शासकीय लैब में आरटीपीसीआर व एंटीजन किट के जरिए 2212 लोगों की जांच हुई। निजी लैब और निजी अस्पतालों में आरटीपीसीआर व रैपिड एंटीजन किट के जरिए 1414 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई।
लोगों को नहीं कोरोना प्रोटोकॉल की परवाह
संक्रमण बेतहाशा गति से बढ़ने के बावजूद जिले के लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल की कोई परवाह नहीं है। बाजारों, अस्पतालों और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर सामाजिक दूरी का अनुपालन नहीं हो रहा है। हैरत की बात यह है कि पुलिस-प्रशासन भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पहले ही संक्रमण बढ़ने के लिए लोगों को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।