गुरुग्राम। कोरोना टीकाकरण को सौ फीसदी तक पहुंचाने के लिए अब सुरक्षा चक्र से छूट गए लोगों का टीकाकरण होगा। नेशनल हेल्थ मिशन के अपर सचिव डॉ. मनोहर अगनानी ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत विदेश में कहीं भी पहली या दूसरी डोज लेने वाले लोग अब यहां बाकी डोज और एहतियाती खुराक ले पाएंगे।
इसमें विदेशी नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। गुरुग्राम में वर्तमान में लगभग दस हजार से अधिक विदेशी नागरिक हैं, इनमें से कई को दूसरी या एहतियाती खुराक लगनी बाकी है। अब ये लोग यहां पर ही अपनी दोनों खुराक के साथ एहतियाती खुराक का कोर्स पूरा कर पाएंगे। इसमें उन भारतीयों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने विदेश में कोई एक खुराक ली है और बाकी खुराक बाकी रह गई है।
गौर हो कि अलग अलग स्तरों से इसकी मांग हो रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है। बस इन सभी को नियमानुसार कोरोना के टीके का ब्यौरा कोविन पोर्टल पर दर्ज कराना होगा। सीएमओ डा. विरेंद्र यादव और जिला सर्विलांस अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि अब नये निर्देशों के अनुसार टीकाकरण में उक्त छूट हुए लोगों को प्राथमिकता से शामिल किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।
इधर, बीते 24 घंटे में जिले में 3753 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिसमें 288 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस अवधि में 430 लोग महामारी से स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब तक 2,94,832 व्यक्ति कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 1452 सक्रिय मरीज हैं, जिसमें 1390 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 33,93,497 टेस्ट करवाए जा चुके हैं। लगभग 56.40 लाख कोरोनारोधी डोज लगाई जा चुकी है।